CG Cyclone Alert: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, 4 जिलों में रेड अलर्ट, 90KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

tufan

CG Cyclone Alert: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर आज से छत्तीसगढ़ में दिखने लगेगा। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। सबसे पहले इसका प्रभाव बस्तर संभाग के जिलों में देखने को मिलेगा। दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में 60 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर 200 मिमी तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

4 जिलों में रेड अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर के लिए प्रदेश के 4 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार चक्रवात बुधवार को ओडिशा-आंध्र प्रदेश तट से टकरा सकता है, जिसका असर छत्तीसगढ़ में व्यापक रूप से देखने को मिलेगा।

दंतेवाड़ा में स्कूल बंद, किसानों को दी गई सलाह

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए दंतेवाड़ा जिले में विद्यार्थियों के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों को अगले 2 से 4 दिनों तक धान और अन्य फसलों की कटाई रोकने की सलाह दी है। जिन किसानों की फसल कट चुकी है, उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने और खेतों से पानी निकासी की व्यवस्था करने को कहा गया है।

रायपुर में भी बदलेगा मौसम

राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

CG Weather Update:

12 जिलों में भारी बारिश की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, कांकेर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, बालोद और रायपुर समेत 12 जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है। 29 अक्टूबर को उत्तर और उत्तर-पश्चिम छत्तीसगढ़ में भी बारिश का असर बढ़ सकता है।

779 राहत शिविर तैयार

संभावित आपदा से निपटने के लिए राज्य सरकार ने 779 राहत शिविर तैयार किए हैं, जिनमें करीब एक लाख लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों के 763 बाढ़ प्रभावित गांवों की पहचान की गई है। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।

CG Weather Update

SDRF और NDRF अलर्ट

बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ की 7 टीमें तैयार रखी गई हैं। दुर्ग में एनडीआरएफ की एक टीम पहले से तैनात है, जबकि सुकमा, बस्तर और बीजापुर में भी एनडीआरएफ की टीमों की तैनाती की तैयारी की गई है। सभी जिलों में नगर सेना के जवान और आपदा मित्र भी अलर्ट मोड पर हैं।

अस्पताल और कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय

संवेदनशील जिलों के अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां, डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य स्तर पर 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है। आपदा की स्थिति में नागरिक टोल फ्री हेल्पलाइन 1070 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *