Raipur News: राजधानी रायपुर में नौकरी छोड़ने की बात कहने पर रेस्टोरेंट कर्मचारी से मारपीट का मामला सामने आया है। कर्मचारी का आरोप है कि कैश का हिसाब करने और अगले दिन से काम पर नहीं आने की बात कहने पर रेस्टोरेंट मालिक ने मैनेजर के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी।
मारपीट में कर्मचारी के गाल, गले और पीठ में चोटें आई हैं। पीड़ित की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने रेस्टोरेंट मालिक और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला एमपीएस किचन रेस्टोरेंट का है।
कैश हिसाब को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के बारा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह बीएससी की पढ़ाई कर चुका है और रायपुर स्थित गुलाटी बाय एमपीएस किचन रेस्टोरेंट में कैशियर के पद पर काम करता है।
घटना 18 अक्टूबर की रात करीब 1:40 बजे की बताई जा रही है। रेस्टोरेंट बंद होने के बाद कर्मचारी ने मालिक विशाल गुलाटी से कैश का हिसाब करने को कहा। उसने यह भी बताया कि वह अगले दिन से काम पर नहीं आएगा।
आरोप है कि इस बात से नाराज होकर मालिक ने मैनेजर पारस टंडन को बुलाया और कर्मचारी को ऑफिस में ले जाने कहा।
गाली देने से मना करने पर मारपीट का आरोप
कर्मचारी ने शिकायत में बताया कि ऑफिस में मालिक ने बिना हिसाब किए नौकरी छोड़ने की बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर विशाल गुलाटी और मैनेजर पारस टंडन ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित का कहना है कि मारपीट के दौरान उसके गाल, गले और पीठ में चोट लगी। घटना के समय रेस्टोरेंट के कर्मचारी हरिश और बिट्टू भी मौजूद थे।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
