Raipur Durga Visarjan: खारुन नदी में नहीं होगा दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन, कुंड में करनी होगी व्यवस्था; निगम ने बनाई समिति

Raipur Durga Visarjan: राजधानी रायपुर में दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार खारुन नदी में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन पर पूरी तरह रोक रहेगी। श्रद्धालुओं को नदी के किनारे बनाए गए विसर्जन कुंड में ही प्रतिमाओं का विसर्जन करना होगा।

Raipur Durga Visarjan: राजधानी रायपुर में दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार खारुन नदी में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन पर पूरी तरह रोक रहेगी। श्रद्धालुओं को नदी के किनारे बनाए गए विसर्जन कुंड में ही प्रतिमाओं का विसर्जन करना होगा।

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों का पालन कराने के लिए नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों की समिति गठित की है। यह व्यवस्था 20 अक्टूबर से 25 अक्टूबर की सुबह 6 बजे तक लागू रहेगी।

रावणभाठा-WRS समेत 6 जगह होगा रावण दहन

दशहरा पर्व पर रायपुर में छह प्रमुख स्थानों पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें रावणभाठा, WRS कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, राजेंद्र नगर, शंकर नगर और रामकुंड स्थित स्वामी विवेकानंद आश्रम के पास होने वाले आयोजन शामिल हैं।

नगर निगम ने सभी आयोजन स्थलों पर सफाई व्यवस्था, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, अग्निशमन वाहन, रास्तों की सफाई और मैदान को समतल करने की जिम्मेदारी संबंधित जोन कमिश्नरों को सौंपी है।

24 घंटे के भीतर हटाना होगा विसर्जन का मलबा

नगर निगम ने निर्देश दिए हैं कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान पूजन सामग्री को अलग से निर्धारित स्थान पर रखा जाए। विसर्जन कुंड में जमा मलबा, बांस-बल्लियां और अन्य सामग्री को 24 घंटे के भीतर हटाना अनिवार्य होगा, ताकि जल प्रदूषण को रोका जा सके।

इसके अलावा ध्वनि और वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन और रायपुर पुलिस के साथ समन्वय कर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

विसर्जन कुंड की व्यवस्था संभालेगी समिति

विसर्जन कुंड और दशहरा आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए बनाई गई समिति में अपर आयुक्त विनोद पांडेय, उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव सिंह बाबरा, जोन-2 कमिश्नर संतोष पांडेय, जोन-5 कमिश्नर राकेश शर्मा और जोन-6 कमिश्नर प्रीति सिंह सहित इंजीनियरिंग और जल विभाग के अधिकारी शामिल हैं।

समिति विसर्जन स्थल पर शामियाना, रोशनी, माइक, अग्निशमन व्यवस्था और चिकित्सा सुविधा की निगरानी करेगी। नगर निगम ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *