CG News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के छोटे से गांव भुईगांव की बेटी की प्रेम कहानी अब शादी के रिश्ते में बदल गई है। गांव की 25 वर्षीय क्रिस्टीना नथेनियल ने नीदरलैंड निवासी 32 वर्षीय क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम के साथ विवाह किया है। अलग-अलग देशों, संस्कृतियों और हजारों किलोमीटर की दूरी के बावजूद दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी चुना।
पामगढ़ तहसील के भुईगांव वार्ड क्रमांक 07 नालापारा निवासी क्रिस्टीना नथेनियल के पिता का नाम हनोक नथेनियल और माता का नाम सोनिया नथेनियल है। वहीं नीदरलैंड निवासी क्रिस्टीयान के पिता का नाम विलेम डीर्क वरबूम है।
बताया जा रहा है कि दोनों की प्रेम कहानी सोशल मीडिया के माध्यम से शुरू हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और रिश्ता इतना मजबूत हो गया कि नीदरलैंड से युवक छत्तीसगढ़ पहुंचा और दोनों ने शादी करने का फैसला लिया।
अपर कलेक्टर के समक्ष पूरी हुई विवाह प्रक्रिया
इस अंतरराष्ट्रीय विवाह को कानूनी मान्यता देने के लिए दोनों ने प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की। शुक्रवार 16 अक्टूबर 2026 को क्रिस्टीना और क्रिस्टीयान जिला मुख्यालय पहुंचे और अपर कलेक्टर एवं विवाह अधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता के समक्ष उपस्थित हुए।
निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत तीन गवाहों की मौजूदगी में दोनों ने विवाह की घोषणा की। इसके बाद विवाह अधिकारी ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर विवाह प्रमाण-पत्र जारी किया।
विवाह की प्रक्रिया में वधू पक्ष की ओर से हनोक नथेनियल और सोनिया नथेनियल गवाह के रूप में शामिल हुए। प्रमाण-पत्र जारी होने के बाद दोनों का विवाह आधिकारिक रूप से मान्य हो गया।
गांव में चर्चा का विषय बनी शादी
भुईगांव जैसे छोटे ग्रामीण क्षेत्र की बेटी की नीदरलैंड के युवक से शादी की खबर सामने आने के बाद गांव में उत्सुकता का माहौल है। ग्रामीण नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दे रहे हैं।
इस शादी ने एक बार फिर साबित किया है कि बदलते समय में रिश्तों के बीच दूरी और सीमाएं बाधा नहीं बन रही हैं। अलग-अलग संस्कृति और देशों से जुड़े होने के बावजूद दोनों ने अपने रिश्ते को विवाह के बंधन में बदल दिया।


