CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के तेज हवा और बारिश का अलर्ट, रायपुर-दुर्ग समेत 12 जिलों में बदलेगा मौसम; महादेवघाट पुल से आवागमन शुरू

Raipur Mahadev Ghat: रायपुर में लगातार करीब 36 घंटे हुई बारिश के बाद महादेवघाट पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है। पुल के ऊपर करीब 3 फीट पानी बहने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है। इसके चलते पाटन सहित आसपास के कई क्षेत्रों का रायपुर से सड़क संपर्क प्रभावित हो गया है।

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई है। रायपुर, दुर्ग सहित 12 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बारिश का असर कम होने के बाद कई इलाकों में हालात सामान्य होने लगे हैं। रायपुर के महादेवघाट पुल से एक बार फिर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। खारून नदी का जलस्तर घटने के बाद पिछले दो दिनों से बंद यह मार्ग अब खुल गया है। हालांकि गणेश विसर्जन के मद्देनजर महादेवघाट में केवल समितियों के सदस्यों को ही प्रवेश दिया जा रहा है।

बारिश और तेज हवा का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, कांकेर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ बारिश हो सकती है।

इसके अलावा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में भी गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना बनी हुई है।

बारिश के दौरान बरतें सावधानी

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचने की अपील की है। पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर निर्माण वाली जगहों से दूर रहने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों को भी बारिश और तेज हवा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।

सामान्य से अधिक हुई बारिश

इस बार मानसून सीजन समाप्त होने से पहले ही छत्तीसगढ़ में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। 1 जून से 30 सितंबर तक प्रदेश में सामान्य औसत वर्षा 1132.3 मिमी मानी जाती है, जबकि 26 सितंबर तक ही 1190.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। यह सामान्य से 5.16 प्रतिशत अधिक है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *