CG Rain Update: छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान, अब तक 996.5 मिमी बारिश दर्ज; कई जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा

CG Rain Update: छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून का असर अधिकांश जिलों में बेहतर देखने को मिला है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के 19 सितंबर 2026 तक जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से अब तक प्रदेश में औसतन 996.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य औसत वर्षा (1033.6 मिमी) का 96.4 प्रतिशत है। कई जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में अब भी औसत से कम बारिश हुई है।

सरगुजा संभाग में बलरामपुर सबसे अधिक बारिश वाला जिला रहा, जहां सामान्य के मुकाबले 169.7 प्रतिशत यानी 1488.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 122.6 प्रतिशत (1139.9 मिमी) और सूरजपुर में 111.5 प्रतिशत (1138.1 मिमी) बारिश हुई। वहीं सरगुजा (77.3 प्रतिशत), जशपुर (81.2 प्रतिशत) और कोरिया (97 प्रतिशत) में अपेक्षाकृत कम वर्षा दर्ज की गई।

रायपुर संभाग में भी मानसून मेहरबान रहा। राजधानी रायपुर में सामान्य से 126.9 प्रतिशत (1091.2 मिमी) बारिश रिकॉर्ड की गई। महासमुंद में 120.8 प्रतिशत, गरियाबंद में 118 प्रतिशत, बलौदाबाजार में 109.7 प्रतिशत और धमतरी में 105.1 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई।

 

छत्तीसगढ़ बारिश आंकड़े

बिलासपुर संभाग में सारंगढ़-बिलाईगढ़ सबसे आगे रहा, जहां सामान्य से 138.5 प्रतिशत (1127.8 मिमी) बारिश हुई। मुंगेली, जांजगीर-चांपा, कोरबा, बिलासपुर, सक्ती और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में भी संतोषजनक वर्षा दर्ज की गई, जबकि रायगढ़ में सामान्य का 87.6 प्रतिशत बारिश हुई।

दुर्ग संभाग में बालोद 106.3 प्रतिशत वर्षा के साथ सबसे आगे रहा। दुर्ग, राजनांदगांव और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सामान्य के आसपास बारिश हुई, जबकि बेमेतरा, कबीरधाम और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में अपेक्षाकृत कम वर्षा दर्ज की गई।

बस्तर संभाग में नारायणपुर ने 108.6 प्रतिशत (1376.6 मिमी) वर्षा के साथ बढ़त बनाई। दंतेवाड़ा, बस्तर और कोण्डागांव में सामान्य से कम बारिश हुई, जबकि बीजापुर, सुकमा और कांकेर में वर्षा का प्रतिशत और भी कम रहा। कांकेर प्रदेश का सबसे कम वर्षा वाला जिला रहा, जहां सामान्य का केवल 67 प्रतिशत (945.7 मिमी) पानी बरसा।

19 सितंबर के दैनिक आंकड़ों के अनुसार मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 17.3 मिमी, नारायणपुर में 16.5 मिमी और कांकेर में 16.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं जांजगीर-चांपा, कोण्डागांव और दंतेवाड़ा में दिनभर बारिश नहीं हुई। प्रदेश में इस दिन औसत दैनिक वर्षा 4 मिमी रिकॉर्ड की गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *