CG Murder: सक्ती जिले के अड़भार चौकी क्षेत्र में नहर से बोरी में बंद एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। ग्रामीणों ने मंगलवार शाम नहर में पानी में बहती एक संदिग्ध बोरी देखी और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरी को बाहर निकालकर खोला तो उसमें एक व्यक्ति का शव मिला। शुरुआती जांच में गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।![]()
घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी पंकज पटेल सहित जिले के कई थानों के प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है। साथ ही शव की पहचान कराने के प्रयास भी जारी हैं।
पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्ति की हत्या करने के बाद शव को बोरी में भरकर नहर में फेंका गया। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


