Dhamtari Murder: धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र के सुपेला गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत की गुत्थी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि महिला ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसके पति ने गला घोंटकर उसकी हत्या की थी। इसके बाद आरोपी ने परिजनों के साथ मिलकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में पूरी साजिश का खुलासा हो गया।![]()
दरअसल, जन्माष्टमी के दिन 5 सितंबर को वीणा उर्फ बबली ठाकुर की संदिग्ध मौत की सूचना भखारा थाना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान महिला के गले पर किसी पतली वस्तु या कपड़े से गला घोंटे जाने जैसे निशान मिले।
शुरुआती पूछताछ में मृतका के पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू ने पुलिस को बताया था कि खेत से लौटने के बाद उसकी पत्नी कमरे में गई थी। शाम करीब साढ़े 5 बजे जब वह कमरे में पहुंचा तो पत्नी संदिग्ध हालत में मिली। परिवार ने पहले इसे दिल का दौरा समझा और डॉक्टर को बुलाया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई थी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हत्या सामने आने के बाद पुलिस ने जांच की दिशा बदल दी। इसके बाद पति विवेक ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
मोबाइल पर बातचीत को लेकर था शक
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति से मोबाइल पर बातचीत करने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 4 सितंबर की शाम गुस्से में आकर उसने नायलॉन की रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
शव को फांसी पर लटकाया
हत्या के बाद आरोपी घबरा गया। पुलिस से बचने के लिए उसने शव को फांसी पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। हालांकि, फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सच्चाई सामने आ गई।
आरोपी पति गिरफ्तार
जुर्म स्वीकार करने के बाद पुलिस ने आरोपी विवेक ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

