CG News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान रील बनाना तीन महिला टेक्नीशियनों को भारी पड़ गया। ब्लड सैंपल लेने के दौरान लैब के भीतर वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तीनों महिला टेक्नीशियनों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई सिविल सर्जन की रिपोर्ट और जांच के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने की है।
ब्लड सैंपल के दौरान रील बनाना पड़ा भारी
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला टेक्नीशियन लैब के अंदर अलग-अलग अंदाज में रील बनाती नजर आई थीं। एक वीडियो में वे टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर कैटवॉक कर रही थीं, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की कुर्सी पर बैठकर मस्ती करती दिखाई दीं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
3 महिला टेक्नीशियन बर्खास्त
मामले की जानकारी मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने अटल आरोग्य लैब प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। जांच में ड्यूटी के दौरान वीडियो बनाए जाने की पुष्टि होने के बाद एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों महिला टेक्नीशियनों को सेवा से हटा दिया।



