CG Murder: बेटी-दामाद ने की पिता की हत्या, गला घोंटा; खून के निशान मिटाने गोबर से फर्श की पोताई की

CG Murder: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के बांसाझाल गांव में बेटी और दामाद ने मिलकर पिता की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, बाइक की किश्त को लेकर हुए विवाद के बाद यह वारदात हुई। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।tc

जानकारी के मुताबिक, लोहर साय कोरवा का मंगलवार सुबह अपनी दूसरी पत्नी रामपति बाई से बाइक की किश्त को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान उसने पत्नी के साथ मारपीट भी की। इसके बाद दोनों दोपहर में गांव में ही रहने वाली बेटी सोन कुंवारी के घर पहुंचे, जहां फिर इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

पुलिस के अनुसार, शाम करीब 4 बजे विवाद बढ़ने पर बेटी सोन कुंवारी और उसके पति बंधन कोरवा ने गमछे से लोहर साय कोरवा का गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद घर में गिरे खून के निशान मिटाने के लिए बेटी ने गोबर से फर्श की पोताई भी कर दी।

बताया जा रहा है कि रामपति बाई लोहर साय की दूसरी पत्नी थी, जबकि सोन कुंवारी पहली पत्नी की बेटी है। घटना की सूचना मिलने पर बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बेटी और दामाद को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले में दूसरी पत्नी की भूमिका की भी जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *