CG Congress Protest: छत्तीसगढ़ में बढ़ती चीनी की कीमतों और महंगाई के विरोध में कांग्रेस 4 सितंबर को प्रदेशव्यापी ‘चीनी सत्याग्रह’ करेगी। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को जिला मुख्यालयों में एक साथ प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। आंदोलन के जरिए पार्टी महंगाई और चीनी की उपलब्धता से जुड़े मुद्दों को उठाएगी।![]()
महंगाई के खिलाफ होगा प्रदेशव्यापी प्रदर्शन
प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब, मध्यमवर्गीय और श्रमिक परिवारों पर पड़ रहा है। दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं बाजार में चीनी की उपलब्धता और कालाबाजारी को लेकर भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महापुरुषों की प्रतिमाओं के सामने होगा सत्याग्रह
पार्टी ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को निर्देश दिए हैं कि जिला मुख्यालयों में किसी महापुरुष की प्रतिमा के सामने सत्याग्रह आयोजित किया जाए। इस दौरान चीनी की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण और कालाबाजारी रोकने की मांग उठाई जाएगी।
सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता होंगे शामिल
प्रदेश कांग्रेस ने कार्यक्रम में प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों, अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदर्शन के बाद भेजनी होगी रिपोर्ट
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला इकाइयों से कार्यक्रम संपन्न होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट भेजने को भी कहा है। इसके तहत 4 सितंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में एक साथ ‘चीनी सत्याग्रह’ आयोजित किया जाएगा।


