Dhamtari News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दाढ़ी नहीं बनाने की बात को लेकर हुआ विवाद मारपीट और चाकूबाजी तक पहुंच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 43 वर्षीय आरोपी चम्मन लाल भारती को गिरफ्तार कर लिया है। मामला करेलीबड़ी चौकी क्षेत्र के ग्राम करेलीबड़ी का है।![]()
दाढ़ी नहीं बनाने पर हमला
जानकारी के अनुसार, ग्राम करेलीबड़ी में सेलून संचालक टुकेश्वर उर्फ लालू सेन से दाढ़ी बनाने की बात को लेकर आरोपी का विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और सब्जी काटने वाले धारदार चाकू से सेलून संचालक पर हमला कर दिया। हमले में सेलून संचालक के हाथ, घुटने और गाल में चोटें आईं। घटना के बाद घायल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी ने चाकू से किया हमला
शिकायत मिलने के बाद करेलीबड़ी चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए, घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायल का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर कृषि मंडी की दीवार के पास से घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी चम्मन लाल भारती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


