CG Acid Attack: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान एक महिला पर युवक ने बैटरी का केमिकल फेंक दिया। हमले में महिला का चेहरा झुलस गया, जबकि दो बच्चे भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। तीनों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बातचीत बंद होने से नाराज था आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे और दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि महिला पिछले कुछ समय से आरोपी से बातचीत नहीं कर रही थी। इसी बात से नाराज होकर युवक ने वारदात को अंजाम दिया।![]()
कांवड़ यात्रा के दौरान किया हमला
जानकारी के अनुसार मीना निषाद और महेश दास बैरागी पहले एक ही कंपनी में काम करते थे। बाद में दोनों के बीच विवाद हो गया और महिला ने करीब छह महीने पहले नौकरी छोड़ दी थी। सावन सोमवार को महिला शिव मंदिर में जल चढ़ाने जा रही थी, तभी आरोपी ने उस पर बैटरी का केमिकल फेंक दिया। हमले में वहां मौजूद दो बच्चे भी घायल हो गए।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हमले के पीछे की पूरी वजह की जांच की जा रही है।



