Kondagaon Accident: कोंडागांव जिले में नेशनल हाईवे-30 पर बोरगांव पुल के पास सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। ट्रक चालक को भी चोटें आई हैं।![]()
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, रॉयल यात्री बस जगदलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बोरगांव पुल के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को बस से बाहर निकालकर मदद की।
घायल अस्पताल भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। कुछ गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल किसी के भी हालत गंभीर होने की सूचना नहीं है।
तेज रफ्तार बसों पर कार्रवाई की मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे-30 पर तेज रफ्तार यात्री बसों के संचालन पर नाराजगी जताई है। लोगों ने परिवहन विभाग और पुलिस से बसों की नियमित जांच, गति की निगरानी और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



