CG Murder: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक युवक की बेरहमी से पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक गंभीर हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।![]()
घटना प्रतापपुर थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान गोंदा गांव निवासी हरिनंदन राजवाड़े के रूप में हुई है। हरिनंदन 23 जुलाई शाम अंबिकापुर से घूमने गए दो दोस्तों तुषार और राहुल के साथ गांव के राजेंद्र के घर शराब पार्टी कर रह थे। गांव का ही युवक ललित अपने 10-12 दोस्तों के साथ राजेंद्र के घर पहुंचा। युवक हरिनंदन से गाली-गलौज करते हुए उसे खींचकर अपनी चारपहिया वाहन में बैठाकर ले गए। बताया जा रहा है कि दोस्तों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और उसे केवरा गांव के पास सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
राजेंद्र ने हरिनंदन का अपहरण कर लिए जाने की सूचना उसके बड़े भाई बम भोला राजवाड़े को दी। वह अपने अन्य साथियों के साथ हरिनंदन की खोजबीन करने निकला। भैंसामुड़ा के पास केवरा चौक में हरिनंदन बेहोशी की हालत में मिला। उसके शरीर से खून बह रहा था और गंभीर चोटों के कई निशान थे।
गंभीर रूप से घायल हरिनंदन को परिजन लेकर रात को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह पुलिस ने परिजनों को बयान दर्ज किया। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

