CG News: जगदलपुर: नए वर्ष के स्वागत को लेकर बस्तर संभाग में उत्साह का माहौल है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक विभिन्न कार्यक्रमों और आयोजनों की तैयारियां जोरों पर हैं। बीते वर्षों के अनुभवों को देखते हुए संभावित विवाद, अव्यवस्था और सड़क हादसों की आशंका को ध्यान में रखते हुए बस्तर पुलिस इस बार पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।
बस्तर पुलिस द्वारा शहर और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर करीब 150 CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि नए वर्ष को लेकर पुलिस ने विस्तृत सुरक्षा ब्लूप्रिंट तैयार किया है, जिसे सभी थाना प्रभारियों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जहां-जहां नए साल के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, वहां आयोजनकर्ताओं के साथ बैठक कर सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग तय मानकों के अनुसार करने, भीड़ नियंत्रण और ऐसे गानों या गतिविधियों से बचने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सके।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिसे नए वर्ष तक और सख्ती से जारी रखा जाएगा। CCTV कैमरों की मदद से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान कर मौके पर कार्रवाई की जा रही है और ई-चालान संबंधित वाहन चालकों के पते पर भेजे जा रहे हैं।
नए साल के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
