CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, 4 दिन तक आंधी-बारिश और बिजली गिरने के आसार

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि मध्य और उत्तरी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहा। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई। बादलों के बावजूद उमस बनी रही और तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

सामान्य से 18 प्रतिशत कम हुई बारिश

मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मौजूदा मानसून सीजन में अब तक छत्तीसगढ़ में औसत वर्षा सामान्य से करीब 18 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। हालांकि बस्तर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। गंगालूर में सर्वाधिक 3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि दंतेवाड़ा, गीदम, करपावंड, लोहंडीगुड़ा और पेण्ड्रा रोड सहित कई क्षेत्रों में 2 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र और उससे जुड़ी मानसूनी द्रोणिका का प्रभाव अब छत्तीसगढ़ तक पहुंच रहा है। इसके असर से प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बादल सक्रिय रहेंगे और कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है।

रायपुर में आज का मौसम?

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर और सरगुजा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *