CG News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के मनगट्टा स्थित एक रिसॉर्ट में भिलाई की 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।![]()
मृतका की पहचान मुस्कान तिवारी (24) के रूप में हुई है, जो भिलाई की रहने वाली थी। जानकारी के अनुसार मुस्कान अपने कुछ साथियों के साथ रिसॉर्ट में ठहरी हुई थी। देर रात वह बाथरूम गई थी, जहां वह बेहोशी की हालत में मिली। सुबह करीब 8 बजे रिसॉर्ट प्रबंधन को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद युवती को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
साथी लोग फरार
जानकारी के अनुसार, युवती के साथ रिसॉर्ट में ठहरे अन्य लोग सुबह होने से पहले ही वहां से चले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस रिसॉर्ट के कर्मचारियों, प्रबंधन और घटना से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल मामले को संदिग्ध मौत मानकर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
राजनांदगांव के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस की टीम सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


