Raipur Murder: रायपुर के अभनपुर क्षेत्र में रविवार को क्षत-विक्षत हालत में मिले अज्ञात शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव अत्यंत क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने के कारण पुलिस को मृतक की शिनाख्त करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले की जांच की जारी है।![]()
पुलिस के अनुसार, शव की हालत इतनी खराब थी कि मृतक से संबंधित सामान्य पहचान चिह्न स्पष्ट रूप से नहीं मिल पाए। ऐसे में जांच को आगे बढ़ाने और पहचान सुनिश्चित करने के लिए अभनपुर पुलिस ने मृतक के पास से बरामद बेल्ट की तस्वीर सार्वजनिक की है।
बेल्ट के आधार पर पहचान की उम्मीद
पुलिस का मानना है कि बेल्ट पर बने मोनो, डिजाइन या विशेष पहचान चिह्न के आधार पर कोई व्यक्ति मृतक के बारे में जानकारी दे सकता है। इसी उद्देश्य से बेल्ट की तस्वीर जारी कर आम लोगों से सहयोग मांगा गया है।
अभनपुर थाना पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को जारी की गई बेल्ट देखकर मृतक की पहचान से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है या वह किसी लापता व्यक्ति से इसका संबंध जोड़ पाता है, तो तत्काल अभनपुर थाना पुलिस को सूचित करें।
पुलिस का कहना है कि आम लोगों के सहयोग से मृतक की पहचान करने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है, जिससे मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा सकेगा।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए रायपुर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान, मौत के कारण और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।


