CG Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया है। मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।![]()
नाकेबंदी के दौरान पकड़ा गया ट्रक
जानकारी के अनुसार बसंतपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा भरकर ओडिशा के सोनपुर से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की।
ट्रक से मिला 1941 किलो गांजा
जांच के दौरान ट्रक में रखी बोरियों से 1941.110 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये है। कार्रवाई के दौरान साइबर सेल की टीम भी मौजूद रही।
2 आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान लोकेश शर्मा और आमिर अंसारी के रूप में बताई। दोनों उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में इसे जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

