Durg Shiv Mahapuran Katha: दुर्ग के ग्राम नगपुरा में प्रसिद्ध कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा के सान्निध्य में आयोजित होने जा रही शिव महापुराण कथा को लेकर प्रशासन और यातायात पुलिस ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं। यह धार्मिक आयोजन 17 दिसंबर से प्रारंभ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया है।
यातायात पुलिस द्वारा जारी रूट डायवर्जन प्लान के अनुसार, गनियारी-बोरई मार्ग पर श्रीराम पान पैलेस के पास से दुर्ग-पुलगांव की ओर आने वाले भारी वाहनों को ग्राम बोरई, घुमका, ठेलकाडीह होते हुए राजनांदगांव की ओर मोड़ा जाएगा। हरिओम किराना स्टोर के पास ग्राम बोरई तिराहा और सृष्टि इंजीनियर चौराहा पर भी भारी वाहनों के लिए डायवर्जन लागू रहेगा।

शनि मंदिर अंजोरा मोड़ से नगपुरा, जल बांधा और खैरागढ़ मार्ग की ओर भारी वाहनों का आवागमन सुचारू रहेगा। वहीं चिखली चौक और धमधा रोड से कार्यक्रम स्थल की ओर किसी भी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। रावण भाठा चौक नगपुरा से भारी वाहनों को दुर्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए पृथक पार्किंग व्यवस्था भी तय की गई है। दुर्ग, कोटनी, भिलाई और रायपुर की ओर से आने वाले श्रद्धालु बाजार चौक से बिजली सब स्टेशन के आगे निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे। बाईपास महमरा, गनियारी और अंजोरा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नगपुरा पुलिस चौकी के बगल मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। वहीं खैरागढ़, जल बांधा और धमधा की ओर से आने वाले श्रद्धालु नगपुरा चौकी के पहले दाएं-बाएं निर्धारित स्थानों पर वाहन पार्क कर सकेंगे।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे तय रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि शिव महापुराण कथा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी को असुविधा न हो।
