Raipur Accident: छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहा है, आए दिन रफ्तार का कर देखने को मिलता है। ताजा मामला राजधानी रायपुर से सामने आया है जहां विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू स्कूल के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 साल के किशोर की मौत हो गई। तेज रफ्तार पानी टैंकर ने पैदल जा रहे मासूम को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक टैंकर समेत मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान सड्डू स्थित एलआईजी सेक्टर-01 निवासी 15 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसने मामले को और संदिग्ध बना दिया है। फुटेज में हादसे से ठीक पहले एक अज्ञात बाइक सवार किशोर के बेहद करीब दिखाई दे रहा है। आशंका जताई जा रही है कि बाइक सवार ने मासूम को जानबूझकर तेज रफ्तार टैंकर की ओर धक्का दिया हो। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और फरार टैंकर चालक व संदिग्ध बाइक सवार की तलाश में जुट गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।


