Rozgar Mela: आज 19वें रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे PM मोदी

Rozgar Mela: 19वें रोजगार मेले के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री युवाओं को संबोधित भी करेंगे। रोजगार मेला देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है और इसे केंद्र सरकार की मिशन मोड भर्ती प्रक्रिया का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

केंद्र सरकार की इस पहल के माध्यम से अब तक करीब 12 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे जा चुके हैं। आज जिन अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलेगी, उनका चयन SSC, रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB), IBPS सहित विभिन्न केंद्रीय भर्ती परीक्षाओं के जरिए किया गया है।

चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग समेत कई मंत्रालयों और सरकारी संस्थानों में की जाएगी। सरकार का कहना है कि रोजगार मेला युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने और भर्ती प्रक्रिया को तेज करने की दिशा में बड़ा कदम है।

प्रधानमंत्री मोदी पहले भी रोजगार मेलों को युवाओं के लिए बड़े अवसर का मंच बता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल इंडिया अभियान और तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम के कारण रोजगार के नए अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *