CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सड़क किनारे झाड़ियों में मिली खून से लथपथ युवक की लाश के मामले में पुलिस जांच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में इसे हत्या का मामला माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच में यह आत्महत्या का मामला निकला है।
मामला सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोहड़िया इलाके का है, जहां 10 मई को सड़क किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। शव के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू की थी। मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया था।
जांच के दौरान मृतक की पहचान 37 वर्षीय बसंत पटेल के रूप में हुई, जो बरमपुर का निवासी था। मामले को लेकर सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या की पुष्टि हुई है। फॉरेंसिक जांच में घटनास्थल के पास बीयर की टूटी हुई बोतल मिली थी। विशेषज्ञों की जांच में सामने आया कि बसंत ने कांच की धारदार वस्तु से खुद को गंभीर रूप से घायल किया था।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला कि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, बसंत पटेल मूल रूप से मस्तूरी के सोनसरी गांव का रहने वाला था। वह पिछले तीन वर्षों से कोरबा के सर्वमंगला बरमपुर में किराए के मकान में रह रहा था और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संजय फैक्ट्री में काम करता था।
बताया जा रहा है कि 9 मई की सुबह वह फैक्ट्री जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह उसकी लाश झाड़ियों में मिली थी।
मृतक शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। वह घटना से दो दिन पहले ही अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होकर गांव से वापस कोरबा लौटा था। उसकी पत्नी बरमपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं और फिलहाल बच्चों के साथ गांव में रह रही हैं।


