CG Lightning Strike: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में मौसम में आए अचानक बदलाव के बीच आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिला। अलग-अलग घटनाओं में एक किसान की मौत हो गई, जबकि एक खपरैल मकान में आग लगने से घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।
पहली घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा छापाडबरी खार की है। यहां धर्मसिंह गोंड (50 वर्ष) अपने पिता पुनीत राम गोंड (70 वर्ष) के साथ मूंगफली के खेत की रखवाली करने के लिए परसा पेड़ पर बने मचान में सोया हुआ था। इसी दौरान देर रात आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में धर्मसिंह गोंड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता पुनीत राम गोंड घायल हो गए। जिनको इलाज के लिए तुमगांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
दूसरी घटना कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम बाघामुड़ा की है। यहां सुबह आकाशीय बिजली गिरने से प्रज्ञानंद देवांगन के खपरैल मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा घरेलू सामान और गाड़ियों की सीट जलकर खाक हो गई।
बताया जा रहा है कि आग लगने के समय पूरा परिवार मकान से सटे दो कमरों में मौजूद था। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद महासमुंद और बागबाहरा से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

