Raipur Breaking: रायपुर में जाली नोटों की तस्करी से जुड़े एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने गुप्त सूचना के आधार पर रिंग रोड स्थित हंस ट्रैवल्स कार्यालय पर छापेमारी की, जहां से नोटों से भरे तीन बोरे बरामद किए गए हैं।
ट्रैवल कंपनी के जरिए हो रही थी तस्करी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैवल कंपनी के माध्यम से जाली नोटों की खेप एक राज्य से दूसरे राज्य भेजी जा रही थी। DRI की पांच सदस्यीय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए मौके से 10, 20 और 50 रुपये के नोटों से भरे तीन बोरे जब्त किए।
कोलकाता से दिल्ली भेजी जा रही थी खेप
सूत्रों के मुताबिक, यह संदिग्ध खेप पश्चिम बंगाल के कोलकाता से दिल्ली भेजी जा रही थी। जानकारी सामने आई है कि उदय सिंह बिस्वाल नामक व्यक्ति ने इन नोटों को ट्रांसपोर्ट के जरिए भेजा था, जिन्हें दिल्ली में कमल किशोर गुप्ता को सौंपा जाना था।
फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए नोट
बरामद नोटों को DRI ने जब्त कर लिया है और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नोट पूरी तरह जाली हैं या नहीं।
जांच एजेंसियों को शक है कि यह मामला किसी बड़े संगठित गिरोह से जुड़ा हो सकता है, जो लंबे समय से जाली नोटों की सप्लाई में सक्रिय है। फिलहाल DRI इस नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में और खुलासे तथा गिरफ्तारियां संभव हैं।


