CG Accident: मध्यप्रदेश के धार जिले के पीथमपुर क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में छत्तीसगढ़ के तीन मजदूरों की मौत हो गई। बोरवेल मशीन के साथ काम करने वाले ये मजदूर काम खत्म होने के बाद वाहन के नीचे सो रहे थे, तभी ड्राइवर ने लापरवाही से ट्रक रिवर्स कर दिया और तीनों को कुचल दिया।
गाड़ी के नीचे सो रहे थे मजदूर
घटना सुबह करीब 4 बजे गवला गांव की है। पुलिस के मुताबिक, खेत में बोरिंग का काम चल रहा था। काम खत्म होने के बाद थके हुए मजदूर सपोर्टिंग एयर गाड़ी (KA 51 MC 5799) के नीचे आराम करने के लिए लेट गए थे। इसी दौरान ड्राइवर ने बिना जांच किए वाहन को पीछे लिया, जिससे पिछला टायर मजदूरों के ऊपर चढ़ गया।
तीनों की मौके पर ही मौत
हादसे में रामचरण (56) निवासी खरधाढ़ी, भानुप्रताप (19) निवासी सोनगेरसा और अरविंद (22) निवासी करमापारा, तीनों छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। सभी मजदूरी के लिए धार जिले में काम करने आए थे।
ड्राइवर पर मामला दर्ज
फरियादी रमेश इक्का की शिकायत पर पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंधेरे में बिना किसी सुरक्षा जांच के भारी वाहन को रिवर्स किया गया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


