CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, रायपुर समेत कई जिलों में ओलावृष्टि और अंधड़ की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी

CG Weather Update

CG Weather Update: रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 19 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए तेज अंधड़, वज्रपात और बारिश की चेतावनी दी है।

मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है।

तापमान में गिरावट 

प्रदेश में तापमान में गिरावट देखने को मिली है। दुर्ग में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रायपुर में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है।

बिलासपुर में 33.3 डिग्री, जगदलपुर में 30.7 डिग्री (सामान्य से 5 डिग्री कम), अंबिकापुर में 31.7 डिग्री और माना एयरपोर्ट क्षेत्र में 33.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

बारिश के आंकड़े

देवभोग में 5 सेमी, करपावंद में 4 सेमी, देवकर में 2 सेमी और बिलासपुर में 8.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

सिस्टम की वजह से बदला मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मध्य प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से उत्तरी छत्तीसगढ़ तक फैली द्रोणिका के कारण नमी बढ़ी है, जिससे बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति बनी है।

अगले 5 दिनों का पूर्वानुमान

प्रदेश के कई हिस्सों में आज भी गरज-चमक, अंधड़ और ओलावृष्टि के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं रायपुर में आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं।
राहत की बात यह है कि अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट बनी रह सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *