Korba Murder: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के लिए पैसे न देने पर नाबालिग बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। मामला उरगा थाना क्षेत्र का है, जहां घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया।![]()
ईंट से किया हमला
पुलिस के अनुसार, 46 वर्षीय पिता और उसके 17 वर्षीय बेटे के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर नाबालिग ने अपने पिता के सिर और चेहरे पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान पिता की मौत
घटना के बाद परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल कोरबा पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे बिलासपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान 7 अप्रैल को पिता की मौत हो गई। मृत्यु की पुष्टि के बाद थाना उरगा में 28 अप्रैल को धारा 103 बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी नाबालिग से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी नाबालिग शराब पीने का आदी था और घटना वाले दिन उसने शराब के लिए पैसे मांगे थे। पैसे नहीं मिलने पर उसने गुस्से में आकर यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया है। घटना में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद कर ली गई है।

