Teejan Bai: छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित तीजन बाई की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें रायपुर स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां न्यूरो सर्जरी वार्ड के आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। (पंडवानी गायिका तीजन बाई की तबीयत बिगड़ी)

जानकारी के अनुसार 70 वर्षीय तीजन बाई पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 से वे लकवे की बीमारी से पीड़ित हैं। हाल ही में उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। (Teejan Bai Health Update)

परिजनों के अनुसार पिछले करीब 20 दिनों से तीजन बाई केवल जूस और फलों के सहारे ही रह रही थीं। उनकी सेहत को देखते हुए डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

तीजन बाई छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककला पंडवानी की प्रमुख कलाकार हैं और उन्होंने देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी इस कला को पहचान दिलाई है। कपालिक शैली में प्रस्तुति देने वाली तीजन बाई अब तक करीब 17 देशों में अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं।
