Dhamtari Accident: ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, दो टुकड़ों में बंटा ड्राइवर का शरीर, तरबूज से भरी गाड़ी पलटी

Dhamtari Accident: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में देर रात नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। तरबूज से भरी एक पिकअप वाहन को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत संबलपुर नेशनल हाईवे पर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक की चपेट में आने से पिकअप चालक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया। दुर्घटना के बाद दोनों वाहन पलट गए और हाईवे पर तरबूज बिखर गए।

 

मृतक चालक की पहचान भेंड्री मगरलोड निवासी चेतन साहू (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं उसके साथ मौजूद सहयोगी तरुण साहू (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही वरदान परामर्श सेवा संस्था के शिवा प्रधान, डूमन साहू, योगेश साहू और अमन साहू मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के शव को जिला अस्पताल के शवगृह पहुंचाया। वहीं टोल प्लाजा की क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया।

 

बताया जा रहा है कि रायपुर रोड स्थित संबलपुर के पास मानपुर से तरबूज लेकर आ रही पिकअप गाड़ी डीपीएस स्कूल के पास पंचर हो गई थी। चालक और कंडक्टर सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर टायर बदल रहे थे, तभी पीछे से आ रहे लोहे से भरे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *