Dhamtari Hospital Suicide: जिला अस्पताल के बाथरूम में युवती ने लगाई फांसी, दाल बनाते समय झुलसी थी

Dhamtari Hospital Suicide: धमतरी जिला अस्पताल में बुधवार को एक युवती का शव बर्न वार्ड के बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के डॉक्टर, नर्स और पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

 

अस्पताल स्टाफ ने युवती को फांसी के फंदे से नीचे उतारकर तत्काल बिस्तर पर लाकर इलाज शुरू किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतका की पहचान कोंडागांव जिले के कोपा बेड़ा निवासी 20 वर्षीय दशोमती नेताम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह धमतरी के बस स्टैंड के पीछे स्थित हरिओम राइस मिल में मजदूरी का काम करती थी।

दाल बनाते समय झुलस गई थी युवती

 

जानकारी के मुताबिक, दशोमती नेताम को 10 मार्च की सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दाल बनाते समय कुकर फटने से वह झुलस गई थी, जिससे उसके चेहरे पर चोटें आई थीं और इलाज के लिए उसे बर्न वार्ड में रखा गया था।

 

मानसिक रूप से परेशान थी युवती

 

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अरुण टोंडर ने बताया कि युवती कोंडागांव की रहने वाली थी और धमतरी में मजदूरी करती थी। उन्होंने बताया कि 10 मार्च को भर्ती होने के बाद सुबह उसे वार्ड में देखा गया था। उनके अनुसार युवती मानसिक रूप से परेशान लग रही थी और इसी कारण दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच बाथरूम में जाकर उसने फांसी लगा ली। उन्होंने यह भी बताया कि बर्न केस की सूचना सामान्यतः पुलिस को दी जाती है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

 

वहीं सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि बर्न केस को लेकर पुलिस को पहले किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिली थी। घटना के बाद युवती के परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *