Raipur Holi: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होली के मौके पर शराब की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बना दिया। होली के आसपास के महज चार दिनों में रायपुर जिले में करीब 58 करोड़ 10 लाख रुपए की शराब बिक गई। इस बार की बिक्री ने पिछले साल का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है।

पिछले साल से ज्यादा हुई बिक्री
आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2025 में होली के दौरान चार दिनों में करीब 57 करोड़ 19 लाख रुपए की शराब की बिक्री हुई थी। वहीं इस साल यह आंकड़ा बढ़कर 58 करोड़ 10 लाख 33 हजार 200 रुपए तक पहुंच गया। यानी पिछले साल की तुलना में करीब एक करोड़ रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

1 से 5 मार्च के बीच इतनी हुई बिक्री
होली के आसपास शराब दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ देखी गई। विभागीय आंकड़ों के अनुसार बिक्री इस प्रकार रही-
• 1 मार्च 2026: 12 करोड़ 11 लाख 28 हजार 110 रुपए
• 2 मार्च 2026: 15 करोड़ 94 लाख 4 हजार 40 रुपए
• 3 मार्च 2026: 21 करोड़ 73 लाख 18 हजार 920 रुपए
• 5 मार्च 2026: 8 करोड़ 31 लाख 82 हजार 130 रुपए
इन चार दिनों में कुल मिलाकर 58 करोड़ 10 लाख 33 हजार 200 रुपए की शराब की बिक्री दर्ज की गई।
शासन को मिला अच्छा राजस्व
त्योहार के दौरान हुई इस भारी बिक्री से राज्य शासन को भी अच्छा राजस्व प्राप्त हुआ है। रायपुर जिले में वर्तमान में 78 देशी और विदेशी शराब दुकानें संचालित हो रही हैं। त्योहारों और खास मौकों पर इन दुकानों में ग्राहकों की संख्या बढ़ जाती है, जिससे बिक्री में तेजी आती है।
नए साल पर भी टूटा था रिकॉर्ड
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में नए साल के मौके पर भी शराब की बिक्री ने रिकॉर्ड बनाया था। वर्ष 2025 में 31 दिसंबर और 1 जनवरी को क्रमशः 46 करोड़ और 50 करोड़ रुपए की बिक्री हुई थी। वहीं इस बार 31 दिसंबर को 53 करोड़ और 1 जनवरी को करीब 49 करोड़ रुपए की बिक्री दर्ज की गई थी। इस तरह दो दिनों में कुल बिक्री 102 करोड़ रुपए से अधिक पहुंच गई थी।
