Raipur Holi: होली पर 5 मिनट में पहुंचेगी पुलिस, 3000 जवान तैनात; ड्रोन से निगरानी

Raipur Holi

Raipur Holi: रायपुर में होली के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने फुलप्रूफ प्लान तैयार किया है। होली पर हुड़दंग और अव्यवस्था रोकने के लिए आसमान से लेकर सड़क तक कड़ी निगरानी रखी जाएगी। किसी भी विवाद की सूचना मिलने पर 5 मिनट के भीतर पुलिस मौके पर पहुंचेगी। (रायपुर होली ड्रोन निगरानी)

संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी (Raipur Holi Drone Surveillance)

रायपुर कमिश्नरेट ने शहर को तीन हिस्सों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे तैनात किए गए हैं, जो हर गतिविधि की जानकारी कंट्रोल रूम तक पहुंचाएंगे। ड्रोन से की गई रिकॉर्डिंग को आवश्यकता पड़ने पर साक्ष्य के रूप में भी इस्तेमाल किया जाएगा।

3000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात (Raipur Holi Security)

त्योहार के दौरान 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सोमवार शाम से बुधवार शाम तक जवान लगातार तैनात रहेंगे। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष नजर रखी जाएगी।

ड्रिंक एंड ड्राइव और ट्रिपल सवारी पर फोकस

ट्रैफिक पुलिस ने 60 से अधिक चेकिंग प्वाइंट बनाए हैं। यातायात विभाग के 500 जवान मुख्य मार्गों पर तैनात रहेंगे। शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तेज रफ्तार बाइक सवारों और तीन सवारी बैठाकर चलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पकड़े जाने पर वाहन जब्त कर थाने में रखा जाएगा और चालक को पैदल घर भेजा जाएगा।

सिविल ड्रेस में तैनात क्राइम ब्रांच

नशे के अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए क्राइम ब्रांच की 150 सदस्यीय विशेष टीम सिविल ड्रेस में तैनात रहेगी। यह टीम शराब और अन्य नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर निगरानी रखेगी। त्योहार की आड़ में अशांति फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

कमिश्नर का बयान

रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि डीसीपी रैंक के अधिकारियों की निगरानी में शहर को तीन सेक्टरों में बांटा गया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रंगोत्सव के दौरान पुलिस का रिस्पांस टाइम पांच मिनट से अधिक नहीं होना चाहिए। साथ ही शहरवासियों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *