Korba Truck Accident: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार सुबह नेशनल हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में ट्रक की केबिन में फंसे ड्राइवर और हेल्पर की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र के केंदई झरना के पास की है।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे कोयले से लदा ट्रेलर कोरबा की ओर से आ रहा था, जबकि सीमेंट से भरा ट्रक अंबिकापुर की दिशा से आ रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी। मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और लपटें तेजी से फैल गईं।
हादसे के दौरान कोयला लदे ट्रेलर का चालक वाहन से कूदकर बाहर निकलने में सफल रहा। वहीं सीमेंट से भरे ट्रक का चालक और हेल्पर केबिन में फंस गए। आग की चपेट में आने से मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग को सूचना दी गई, लेकिन दमकल वाहन कटघोरा से आने के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में देरी हुई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, मगर तब तक वाहन पूरी तरह जल चुके थे।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक अन्य वाहन खराब हालत में सड़क किनारे खड़ा था, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि वह वाहन आग की चपेट में नहीं आया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों और वाहन मालिक को सूचना दे दी है। मामले की जांच जारी है।
