Balod Suicide: 6 पौवा शराब के साथ पकड़ाए शख्स ने फांसी लगाई, कहा- 3 पुलिसकर्मियों ने मांगे 15-20 हजार रुपये

Balod Suicide

Balod Suicide: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र में 6 पौवा देशी शराब के साथ पकड़े गए एक 52 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आरोप लगाया है कि थाने में पदस्थ 3 पुलिसकर्मियों ने उससे 15 से 20 हजार रुपये की मांग की थी और जेल भेजने की धमकी दी थी। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार पुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्रीटोला वार्ड क्रमांक 12 निवासी पुरानिक जोशी (52) और उनके भतीजे पूनम जोशी को शनिवार शाम करीब 7 बजे पुरूर पुलिस के तीन आरक्षकों ने घर से 6 पौवा देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया था। दोनों को उसी रात मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

परिजनों का आरोप है कि, रविवार को पुरानिक जोशी अपने चप्पल लेने थाने गए थे। वहां मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने उनसे 15 से 20 हजार रुपए की मांग की और जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद पुरानिक ने मोहल्ले में लोगों को बताया कि वह जेल जाने वाला है और जमानत कराने वाला कोई नहीं है, इसलिए वह आत्महत्या कर लेगा।

सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे पुरानिक जोशी का शव उनके पुराने घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया।

मोहल्ले में घूम-घूमकर बताया पुलिसकर्मी पैसे मांग रहे

मिर्रीटोला के पूर्व पंच अजय डहरिया ने बताया कि, मृतक पुरानिक उनका करीबी दोस्त था। आत्महत्या वाले दिन पुरानिक मोहल्ले में घूम-घूमकर बता रहा था कि पुरूर थाने में पदस्थ 3 कॉन्स्टेबल उससे पैसे मांग रहे हैं। वह डरा हुआ था और आत्महत्या की बात कह रहा था। समझाने के बावजूद उसने अपने पुराने मकान में फांसी लगाकर जान दे दी।

पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा, क्रांति सेना के नेता निखिल दीवान, सतनामी समाज के कोमल संभाकर ने पुलिस प्रशासन से जांच की मांग की। जिसके बाद मामला शांत हुआ। दोपहर 3 बजे गुरुर में पोस्टमॉर्टम के बाद शाम 6 बजे शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

वहीं पूरे मामले में पुरूर टीआई मनीष सेन्डे ने पुलिस प्रशासन पर लगाए गए आरोप पर कहा कि, बड़े अफसर मामले की जांच कर रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *