Korba Murder Case: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा क्षेत्र में हुई दिल दहला देने वाली वारदात ने एक सप्ताह बाद और भी दर्दनाक रूप ले लिया। करीब एक हफ्ते तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही युवती ने आखिरकार बिलासपुर स्थित सिम्स (CIMS) अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस घटना में आरोपी युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। (कोरबा में प्रेमी ने प्रेमिका का गला रेता)


क्या था पूरा मामला (Korba Love Affair Murder)
यह सनसनीखेज घटना 3 फरवरी को उरगा थाना क्षेत्र में सामने आई थी। जानकारी के अनुसार, बिलासपुर निवासी युवती और एक युवक बाइक से कोरबा पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से जान-पहचान थी। कोरबा पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बहस इतनी बढ़ गई कि युवक ने अपना आपा खो दिया और चाकू से युवती के गले पर जानलेवा हमला कर दिया। (Korba Lover Kills Girlfriend)
खुदकुशी की भी कोशिश
युवती पर हमला करने के बाद युवक ने भागने के बजाय उसी चाकू से खुद के गले पर भी वार कर लिया। सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया था।

वीडियो कॉल कर दी जानकारी
घटना के दौरान घायल अवस्था में भी युवती ने साहस दिखाते हुए अपने परिजनों को वीडियो कॉल कर पूरी घटना की जानकारी दी थी। इसी सूचना के आधार पर परिजन और पुलिस समय पर घटनास्थल तक पहुंच सके।
इलाज के दौरान मौत
सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार युवती को बचाने का प्रयास कर रही थी। शुरुआती सर्जरी के बाद कुछ सुधार के संकेत मिले, लेकिन बाद में उसकी हालत बिगड़ गई। सर्जरी के बाद युवती कोमा में चली गई और फिर होश में नहीं आ सकी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका बिलासपुर में एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी और अपने परिवार की आर्थिक मदद करती थी।
