Raipur Factory Fire: राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित कावेरी इंडस्ट्री (Raipur Kaveri Industry Fire) में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर धुएं का गुबार फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। (रायपुर कावेरी इंडस्ट्री आग)

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री से अचानक धुआं उठता दिखा, जिसके बाद कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। फैक्ट्री में तार, ऑयल, केमिकल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। मौके पर मौजूद निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस और दमकल कर्मियों की तत्परता से फैक्ट्री को तुरंत खाली करा लिया गया, जिससे किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। (रायपुर के उरला ऑयल फैक्ट्री में आग)

फायर ब्रिगेड-पुलिस की टीम पहुंची
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया, ताकि कोई भी व्यक्ति आग की चपेट में न आए। आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
देखिए वीडियो –
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आग से फैक्ट्री (Raipur Urla Oil Factory Fire) में रखे कच्चे माल और मशीनरी को नुकसान पहुंचा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
घटना के दौरान आसपास की फैक्ट्रियों के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और एहतियातन कूलिंग का काम जारी है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
