Ambikapur Hotel Firing: होटल में फायरिंग, पुलिस ने बताया अफवाह

Ambikapur Hotel Firing: अंबिकापुर शहर के बीचो-बीच स्थित देव होटल में शुक्रवार देर शाम गोली चलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। फायरिंग की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कोतवाली और गांधीनगर थाना पुलिस, एएसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

 

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम देव होटल परिसर में दो राउंड फायरिंग जैसी आवाज सुनाई देने की बात सामने आई, जिसके बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने गोली चलने की आशंका जताई, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि गोली किसने और किस दिशा में चलाई।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने पूरे परिसर की तलाशी ली, लेकिन अब तक किसी तरह के खोखे या अन्य सबूत नहीं मिले हैं। गनीमत रही कि इस कथित घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

 

मामले को लेकर सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि यह पूरा मामला अफवाह निकला है। उन्होंने कहा कि पुराने विवाद के चलते हनी सिंह नामक युवक का कुछ लोगों ने बनारस रोड पर पीछा किया था और उसकी गाड़ी रोकने का प्रयास किया गया था। इसके बाद युवक होटल पहुंच गया।

 

फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हनी सिंह से पूछताछ की। हनी सिंह ने किसी भी तरह की गोली चलने की घटना से इनकार किया। एएसपी ने स्पष्ट किया कि होटल परिसर में फायरिंग नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल फायरिंग से जुड़े कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं। कार से पीछा किए जाने के मामले में संबंधित युवक को शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *