Raipur Bank Strike: बैंकों में आज हड़ताल, कामकाज रहेगा ठप

Raipur Bank Strike

Raipur Bank Strike: 2 दिन की छुट्टी के बाद यदि आज आप बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है। आज देशभर में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के कारण अधिकांश सरकारी बैंकों का कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने हफ्ते में 5-डेज वर्किंग वीक की मांग को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर 27 जनवरी को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इसका असर राजधानी रायपुर में भी देखने को मिलेगा।

मंगलवार को रायपुर सहित पूरे देश में सरकारी बैंकों की शाखाएं बंद रहेंगी। इससे पहले भी लगातार तीन दिन बैंक बंद रहे थे। 24 जनवरी को दूसरा शनिवार, 25 जनवरी को रविवार और 26 जनवरी को राष्ट्रीय अवकाश के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। ऐसे में आज की हड़ताल से ग्राहकों को एक बार फिर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

इन बैंकों पर पड़ेगा हड़ताल का असर

हड़ताल के कारण स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन ओवरसीज बैंक सहित कुल 12 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक प्रभावित रहेंगे। इन बैंकों में शाखाओं से जुड़ा लेनदेन, नकद जमा-निकासी और अन्य सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी।

इन बैंकों में सेवाएं रहेंगी चालू

हड़ताल का असर निजी क्षेत्र के बैंकों पर नहीं पड़ेगा। एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक, यस बैंक, आईडीएफसी बैंक और बंधन बैंक में सामान्य रूप से कामकाज जारी रहेगा।

बता दें कि अधिकांश सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने पहले ही अपने ग्राहकों को हड़ताल के कारण सेवाओं में व्यवधान की संभावना को लेकर सूचित कर दिया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *