Raigarh Student kidnapping: युवक ने चाकू दिखाकर छात्रा को किडनैपकर किया छेड़छाड़, 2 सालों से कर रहा था परेशान, आरोपी गिरफ्तार

Raigarh Student kidnapping

Raigarh Student kidnapping: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 18 वर्षीय छात्रा के अपहरण और छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने चाकू दिखाकर छात्रा को जबरन इको कार में बैठाया और सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला महिला थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने महिला थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि चांदमारी पुरी बगीचा निवासी 24 वर्षीय शाकिब खान से उसकी पहले से जान-पहचान थी। आरोपी पिछले करीब दो सालों से जबरन बातचीत करता था और रास्ते में पीछा कर लगातार परेशान करता था। इसकी जानकारी पीड़िता ने अपने परिजनों को दी थी, जिसके बाद उसके पिता उसे स्कूल छोड़ने जाने लगे थे। पीड़िता ने यह भी बताया कि साल 2023 में आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी।

गणतंत्र दिवस के दिन तबीयत खराब होने के बावजूद छात्रा स्कूल गई थी। रैली के दौरान अस्वस्थ होने के कारण वह स्कूल में ही रुक गई। बाद में सुबह करीब 9 बजे शिक्षिका से अनुमति लेकर वह घर के लिए निकली। इसी दौरान आरोपी शाकिब खान सफेद रंग की इको कार से वहां पहुंचा। उसने चाकू जैसे हथियार से डराया-धमकाया और जबरन छात्रा को कार में बैठाकर पहाड़ मंदिर मार्ग की ओर ले गया, जहां उसके साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ की।

घटना के बाद आरोपी दोपहर करीब 1 बजे स्कूल के सामने एक गली में छात्रा को छोड़कर फरार हो गया और किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, छेड़छाड़ और धमकी से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त इको कार और चाकू को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *