Surajpur Scooty Fire: सूरजपुर जिले में घर में खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उसकी चपेट में पास में खड़ी दो पेट्रोल स्कूटी भी आ गईं। इस घटना में तीनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए, वहीं घर में रखा घरेलू सामान भी आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गया। हादसे में करीब 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, कॉलेज रोड निवासी हिमांशु जैन अपनी TVS इलेक्ट्रिक स्कूटी की सर्विसिंग कराकर घर लौटे थे। स्कूटी को घर में खड़ा कर वे अंदर चले गए। देर रात जब पूरा परिवार सो रहा था, तभी अचानक इलेक्ट्रिक स्कूटी से आग की लपटें उठने लगीं। आग तेजी से फैलती चली गई और स्कूटी के पास खड़ी दो अन्य पेट्रोल स्कूटी भी इसकी चपेट में आ गईं।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक तीनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे और घर के भीतर रखा काफी सामान भी नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
