Kawardha Murder: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से दहेज प्रताड़ना का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। लोहारा थाना क्षेत्र के महाराटोला गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर पति ने पहले पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर उसे जहर पिलाकर मौत के घाट उतार दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद आरोपी पति जोहन साहू ने अपने अपराध को छिपाने के लिए पत्नी लोकेश्वरी को लोहारा अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका के मायके पक्ष ने SP कार्यालय पहुंचकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के पिता का कहना है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर लोकेश्वरी के साथ मारपीट की और जहर पिलाकर उसकी हत्या कर दी।परिजनों ने आरोपी के माता-पिता की भूमिका की भी जांच की मांग की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
