CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में ठंड से फिलहाल दो दिनों तक राहत मिलने के आसार हैं, लेकिन इसके बाद एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है।
पिछले 24 घंटों में रायपुर का न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान बढ़कर 31.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दुर्ग और राजनांदगांव में दिन का पारा 32 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है।

राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य बना हुआ है, लेकिन अधिकतम तापमान औसत से करीब तीन डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है। बीते 24 घंटों में अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दुर्ग और राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दो दिनों की गर्मी के बाद तापमान में फिर से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।

ठंड का मौसम अब धीरे-धीरे ढलान पर है। रात और सुबह के समय ठंड का असर अब भी बना हुआ है, लेकिन दिन चढ़ते ही तेज धूप के कारण गर्माहट महसूस होने लगी है। सुबह 7-8 बजे तक ठंड का प्रभाव रहता है, इसके बाद धूप की तपिश बढ़ जाती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहले मैदानी इलाकों में ठंड का असर कम होगा, इसके बाद बस्तर और सरगुजा संभाग में भी ठंड कमजोर पड़ेगी। हालांकि फरवरी-मार्च तक रात की हल्की ठंड बने रहने की संभावना है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मंगलवार को राजधानी रायपुर में सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। आज अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
