CG Job: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य के उच्च शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी सहित विभिन्न पदों पर 880 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। विभाग द्वारा पहले ही इन पदों के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है और अब भर्ती से जुड़ी आगे की कार्रवाई तेजी से की जा रही है।
इन पदों पर होनी है भर्ती
उच्च शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुल 880 पदों पर सीधी भर्ती प्रस्तावित है। भर्ती प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के तहत की जा रही है। इनमें ये पद शामिल हैं –
प्रयोगशाला परिचारक – 430 पद
भृत्य – 210 पद
चौकीदार – 210 पद
स्वीपर – 30 पद

प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा पूरी
प्रयोगशाला परिचारक के 430 पदों के लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा भर्ती परीक्षा का आयोजन पहले ही किया जा चुका है। इस परीक्षा की अंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है। चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया संचालनालय स्तर पर तेजी से की जा रही है।
अन्य पदों की परीक्षा व्यापमं कराएगा
भृत्य, चौकीदार और स्वीपर पदों पर सीधी भर्ती के लिए परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी भी छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल को सौंपी गई है। विभाग द्वारा सभी आवेदनों का त्रुटिरहित डिजिटल डाटा व्यापमं को सौंप दिया गया है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
इसके साथ ही परीक्षा से संबंधित पाठ्यक्रम, परीक्षा पैटर्न और अन्य आवश्यक जानकारी पूर्व में ही व्यापमं को उपलब्ध करा दी गई है। इन्हीं आधारों पर व्यापमं द्वारा आगामी परीक्षा की तैयारियां की जा रही हैं।
परीक्षा तिथि और एडमिट कार्ड जल्द
इन पदों की भर्ती परीक्षा की तिथि, प्रवेश पत्र (Admit Card) और अन्य आवश्यक सूचनाएं छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा जल्द जारी की जाएंगी। साथ ही उच्च शिक्षा विभाग द्वारा सूचना पटल और अन्य माध्यमों से भी अभ्यर्थियों को जानकारी दी जाएगी।
