Kanker Murder: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक दिल दहला देने वाला और रिश्तो को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां शराब की लत से तंग आकर एक परिवार ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना नरहरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मर्रामपानी की है, जहां मां, पत्नी, बहन और बच्चों ने मिलकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मर्रामपानी निवासी भगवान सिंह लंबे समय से शराब का आदी था। वह रोज नशे की हालत में घर लौटता और पत्नी, बच्चों व मां के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। उसके इस व्यवहार से पूरा परिवार काफी समय से परेशान था।

बता दें, मंगलवार को भी भगवान सिंह शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने लगा। जब परिजनों ने इसका विरोध किया तो वह और उग्र हो गया और टंगिया लेकर जान से मारने की धमकी देने लगा। लगातार हो रही प्रताड़ना और जान के खतरे से भयभीत होकर परिवार के सदस्यों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी, जिससे भगवान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नरहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान मां, पत्नी, बहन और दोनों बच्चों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, हत्या का मुख्य कारण शराब की लत और लंबे समय से चली आ रही घरेलू हिंसा है। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
