Raipur News: टोल प्लाजा पर ट्रक चालकों से चाकूबाजी, 2 नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

Raipur News: रायपुर-बिलासपुर सिक्स लेन पर स्थित तरपोंगी टोल प्लाजा के पास चाय पीने रुके दो ट्रक चालकों से असामाजिक तत्वों ने चाकूबाजी कर दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4 बजे दो ट्रक चालक टोल प्लाजा के पास एक होटल में चाय पी रहे थे। इसी दौरान चार युवक वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए रंगदारी के रूप में पैसों की मांग करने लगे। चालकों द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की गई। मुखबिरों से मिली जानकारी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो नाबालिग समेत चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद तरपोंगी टोल प्लाजा की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के समय टोल प्लाजा कर्मियों और सुरक्षा कर्मचारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। यह भी सवाल उठ रहा है कि समय रहते पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी गई और घायलों को तत्काल मदद कैसे नहीं मिल सकी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *