Kanker News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में धर्मांतरण को लेकर एक बार फिर बवाल हो गया हैं। आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के पुसागांव में ग्रामीणों ने कथित रूप से मूल धर्म में लौटने से इनकार करने पर ईसाई समुदाय के लोगों के घरों में जमकर तोड़फोड़ की। लाठी-डंडों से लैस ग्रामीणों ने करीब 10 घरों में घुसकर उत्पात मचाया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों ने पहले धर्मांतरित परिवारों के साथ बैठक की और मूल धर्म में वापसी की मांग की। जब उन्होंने इनकार किया, तो आक्रोशित भीड़ ने घरों पर हमला कर दिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग घरों की छत और छप्परों पर चढ़कर तोड़फोड़ कर रहे हैं। मसीही समुदाय के कई लोग जान बचाने के लिए अपने घर छोड़कर भागने को मजबूर हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कांकेर एसपी निखिल रखेजा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में दो से तीन घरों को नुकसान की पुष्टि हुई है, जबकि वीडियो फुटेज के आधार पर दंगाइयों की पहचान की जा रही है। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलते ही एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी आमाबेड़ा क्षेत्र के बड़े तेवड़ा गांव में शव दफनाने को लेकर आदिवासी और धर्मांतरित समुदाय के बीच हिंसक झड़प हो चुकी है। वहीं, जांजगीर-चांपा जिले में धर्म परिवर्तन के दबाव और हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी के आरोप में दो लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है। प्रशासन पूरे क्षेत्र में हालात पर नजर बनाए हुए है।
