CG Ganja smuggling: छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी पर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। बलरामपुर जिले की बसंतपुर थाना पुलिस ने घेराबंदी कर करीब 6 करोड़ रुपये कीमत के गांजे से भरे ट्रक को पकड़ा है। इस कार्रवाई में 3 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो ओडिशा से गांजा लेकर राजस्थान जा रहे थे।
पुलिस को 28 दिसंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सरहदी इलाके में घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक RJ 32 GE 0960 को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में लदी नारियल भूसी के नीचे छिपाकर रखे गए 40 पैकेट गांजा बरामद किए गए।

जब्त गांजे का कुल वजन 1198.460 किलोग्राम आंका गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 करोड़ 99 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं, तस्करी में प्रयुक्त ट्रक की कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरीश कुमार (23 वर्ष) और मनीष कुमार (20 वर्ष), निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 228/2025 के तहत धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के निर्देशन में की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध गांजा जब्त किया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
