Raipur Breking: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे धरसींवा क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। अंबिकापुर-सरगुजा DFO की सरकारी स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सड़क पार कर रही दो भैंसों ने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। हादसे में ग्रामीण की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका इलाज जारी है।
यह हादसा 22 दिसंबर की शाम करीब 6 बजे चरौदा स्थित मोंहदी ओवरब्रिज के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, सिलतरा निवासी मनहरण पिता प्रेमनाथ वर्मा (45 वर्ष) अपनी पत्नी रेखा वर्मा के साथ बाइक से ग्राम किरना में रिश्तेदारों से मिलकर लौट रहे थे। उसी दौरान ग्रामीण हाईवे पार करवा रहे थे और दो भैंसें सड़क पर आ गईं। भैंसों को देखकर मनहरण ने बाइक रोकी, तभी पीछे से तेज रफ्तार ब्लैक स्कॉर्पियो (CG 02 AU 0470) ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद भी स्कॉर्पियो नहीं रुकी और आगे बढ़ते हुए दो भैंसों को भी कुचल दिया। हादसे में मनहरण वर्मा और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय मनहरण की मौत हो गई, जबकि रेखा वर्मा की हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों भैंसों की भी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो में स्वयं सरगुजा अंबिकापुर के DFO सवार थे और वाहन शासकीय चालक चला रहा था। DFO और चालक को मामूली चोटें आई हैं। उपचार के बाद DFO सरकारी वाहन को धरसींवा थाने में छोड़कर दूसरी गाड़ी से रायपुर रवाना हो गए।
धरसींवा पुलिस ने मृतक के पुत्र सागर वर्मा और प्रत्यक्षदर्शी संजय यादव के बयान दर्ज कर लिए हैं। स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 125 और 281 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
